राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ को लेकर जारी सियासी घमासान के बीच उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को ‘वंदे मातरम’ से परहेज है, जबकि समाजवादी पार्टी तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है। केशव मौर्य ने कहा कि अब जनता को तुष्टिकरण की राजनीति करने वाला नहीं, बल्कि विकास की सोच रखने वाला नेतृत्व चाहिए।
केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट भी किया। इसमें उन्होंने कांग्रेस और सपा को राष्ट्रवाद और तुष्टिकरण के मुद्दे पर एक ही तरह की राजनीति करने वाला बताया।
केशव मौर्य का कांग्रेस और सपा पर बड़ा हमला
केशव प्रसाद मौर्य ने लिखा- ‘बात जब राष्ट्रवाद के विरोध और तुष्टीकरण के जरिए वोट साधने की हो तो कांग्रेस व समाजवादी पार्टी दोनों एक ही कुंड में गोता लगाने में क़तई परहेज नहीं करते हैं. देश के स्वाभिमान से समझौता करने में दोनों एक-दूसरे पर बीस हैं.
कांग्रेस को राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ से परहेज है. वहीं समाजवादी पार्टी राग अलाप रही है कि उसकी सरकार बनने पर अपने उस तुर्रम ख़ां मुस्लिम नेता को गृह मंत्री बनाएगी जो भारत माता को डायन कहता रहा हो. यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत की बात करने पर दोनों कान में तेल डालकर सो जाते हैं.
दोनों दलों को समझना चाहिए 2047 में विकसित भारत का संकल्प पूरा होने तक जनता न तो उत्तर प्रदेश में सपा को सत्ता सौंपने वाली है और न देश की बागडोर कांग्रेस को. आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार देश और प्रदेश को दिन दूनी, रात चौगुनी गति से प्रगति के पथ पर आगे बढ़ा रही है.
मोदी जी का ईमानदार नेतृत्व विकास, सुरक्षा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित है। जनता को देश बनाने वाले चाहिए, लूटने वाले नहीं. विकास करने वाले चाहिए, दंगा और तुष्टीकरण कराने वाले नहीं. कांग्रेस ‘सांपनाथ’ है और सपा ‘नागनाथ’. इनसे जनता को बचाना भाजपा का राष्ट्रधर्म है.’
‘जनता को तुष्टिकरण नहीं, विकास वाला नेतृत्व चाहिए’
केशव प्रसाद मौर्य ने अपने बयान में कांग्रेस और सपा की राजनीतिक नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता अब विकास, सुरक्षा और सुशासन को प्राथमिकता देती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों का भी जिक्र किया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार का नेतृत्व विकास, सुरक्षा, सुशासन और गरीब कल्याण पर केंद्रित है। उन्होंने जनता के सामने विपक्षी दलों को लेकर अपने राजनीतिक विचार रखते हुए कहा कि देश को बनाने वाले नेतृत्व की जरूरत है, न कि ऐसे लोगों की जो लूट और तुष्टिकरण की राजनीति करें।
‘कांग्रेस सांपनाथ और सपा नागनाथ’
अपने पोस्ट के अंत में केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर बेहद तीखा राजनीतिक हमला करते हुए दोनों दलों की तुलना ‘सांपनाथ’ और ‘नागनाथ’ से की। उन्होंने कहा कि इन दोनों से जनता को बचाना भाजपा का राष्ट्रधर्म है।
केशव मौर्य का यह बयान ऐसे समय में आया है जब ‘वंदे मातरम’ को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक बहस तेज है। वहीं, समाजवादी पार्टी को लेकर भी भाजपा नेताओं की ओर से तुष्टिकरण की राजनीति के आरोप लगातार लगाए जा रहे हैं। ऐसे में उपमुख्यमंत्री के ताजा बयान से यूपी की सियासत में जुबानी जंग और तेज होने के संकेत हैं।









