उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश को आधुनिक तकनीक और नवाचार का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में लखनऊ एआई सिटी परियोजना पर काम आगे बढ़ रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्देश्य प्रदेश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इकोसिस्टम विकसित करना, टेक्नोलॉजी आधारित कंपनियों को प्रोत्साहित करना और निवेश के नए अवसर तैयार करना है। इसके जरिए लखनऊ को एक उभरते हुए प्रौद्योगिकी केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है।
वृन्दावन आईटी सिटी को चुना गया सबसे उपयुक्त स्थल
लखनऊ में प्रस्तावित एआई सिटी की स्थापना के लिए तैयार प्री-फिजिबिलिटी रिपोर्ट में भूमि चयन, परियोजना की अवधारणा, विकास की संरचना और देश-विदेश की समान परियोजनाओं के आधार पर बेंचमार्किंग जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं का अध्ययन किया गया है। इस रिपोर्ट के आधार पर वृन्दावन आईटी सिटी को प्रस्तावित एआई सिटी-कम-बिजनेस पार्क के लिए सबसे उपयुक्त स्थान के रूप में चिह्नित किया गया है।
AI कंपनियों के लिए 25 से अधिक प्रस्ताव मिले
लखनऊ एआई सिटी परियोजना में रणनीतिक साझेदारी विकसित करने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित कंपनियों की स्थापना को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय हितधारकों से प्रस्ताव मांगे गए थे। इसके लिए 26 जुलाई 2025 को एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EOI) जारी किया गया था, जिसके तहत 25 से अधिक प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
इन प्रस्तावों को परियोजना में संभावित साझेदारों की रुचि और एआई आधारित कारोबारी गतिविधियों के लिए नए अवसर विकसित करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
परियोजना के विकास के लिए नियुक्त की गईं विशेषज्ञ संस्थाएं
प्रस्तावित एआई सिटी-कम-बिजनेस पार्क की योजना तैयार करने, विकास की रूपरेखा बनाने और निवेश आकर्षित करने के लिए परियोजना प्रबंधन इकाई (PMU) स्थापित करने की प्रक्रिया के तहत ट्रांजेक्शन एडवाइजर और कंसल्टेंसी संस्था की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा, परियोजना से जुड़ी परामर्शी सेवाओं के लिए निविदा प्रक्रिया के माध्यम से कंसल्टेंट का चयन किया गया है।
निर्धारित निर्देशों के अनुसार, कंसल्टेंट को नियुक्ति की तारीख से एक वर्ष के भीतर भूमि के संबंध में अंतिम निर्णय लेने और मास्टर डेवलपर को परियोजना से जोड़ने की प्रक्रिया आगे बढ़ानी है।
लखनऊ में निवेश और रोजगार के नए अवसरों की उम्मीद
योगी सरकार की इस पहल का लक्ष्य उत्तर प्रदेश में एआई आधारित उद्योगों के विकास के लिए अनुकूल माहौल तैयार करना है। परियोजना के विकसित होने से लखनऊ में तकनीकी कंपनियों, नवाचार आधारित उद्यमों और निवेशकों के लिए नए अवसर पैदा हो सकते हैं।
इसके साथ ही, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल तकनीक से जुड़े कौशल विकास, अनुसंधान और रोजगार की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। लखनऊ एआई सिटी परियोजना को उत्तर प्रदेश में उभरती तकनीकों के विस्तार और भविष्य की अर्थव्यवस्था के लिए मजबूत आधार तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।





