लखनऊ। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का गठन लंबे समय से चली आ रही आउटसोर्स कर्मियों की मांग को पूरा करने वाला ऐतिहासिक कदम है। इससे आउटसोर्स कर्मियों को सुरक्षा कवच मिला है, लेकिन इसके साथ उनकी जिम्मेदारियां भी बढ़ी हैं। उन्हें अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करना होगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मानदेय में ऐतिहासिक वृद्धि के साथ दुर्घटना बीमा और अन्य सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं का लाभ मिलना मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कर्मियों के अधिकारों तथा सम्मान की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

निगम की डिजिटल व्यवस्था और सुविधाओं पर लघु फिल्म
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम से संबंधित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। फिल्म के माध्यम से निगम की कार्यप्रणाली, डिजिटल व्यवस्था, आउटसोर्स कर्मियों के हितों के संरक्षण तथा रोजगार एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी दी गई।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य आउटसोर्स कर्मियों को बेहतर सुरक्षा और सम्मानजनक कार्य वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही कर्मियों से अपेक्षा की जाती है कि वे अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से पालन करें।
ये गणमान्य रहे उपस्थित

इस अवसर पर प्रमुख सचिव, सचिवालय प्रशासन मनीष चौहान, प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम अमृता सोनी, मुख्य महाप्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक दीपेश राज सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।









