उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बहराइच जिले में ₹352 करोड़ से अधिक लागत की 70 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए विपक्षी दलों कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी तीखा राजनीतिक हमला बोला।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्ववर्ती सरकारें उन कार्यों को नहीं कर सकीं, जिन्हें वर्तमान सरकार ने पूरा किया है। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा, “जो काम कांग्रेस और सपा नही कर सकती थी, क्योंकि इनको कब्रिस्तान की बाउंड्री बनाने और गाज़ी मियां का मेला लगाने से ही फुर्सत नही थी।”
महाराजा सुहेलदेव के स्मारक का किया उल्लेख
अपने भाषण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाराजा सुहेलदेव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने भारत माता के अमर नायक महाराजा सुहेलदेव के सम्मान में भव्य स्मारक का निर्माण कराया है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “भारत माता के अमर नायक महराज सुहेलदेव के नाम पर आयोजन और उनका भव्य स्मारक,उसी स्थान पर बनाया है,जिस स्थान पर उन्होंने सालार मसूद गाज़ी को मारा था,ऐसा मारा था जो इस्लाम मे सबसे खराब माना जाता है,वह मौत की सज़ा देकर भारत के शौर्य का परचम लहराने का काम किया था।”
विकास परियोजनाओं की सौगात
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ₹352 करोड़ से अधिक की लागत वाली 70 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य जिले में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, कनेक्टिविटी में सुधार और क्षेत्रीय विकास को गति देना बताया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सरकार की विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में बुनियादी ढांचे और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।








