उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों के लिए मतदान जारी है। शुक्रवार, 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे शुरू हुई वोटिंग शाम 4 बजे तक चलेगी। दोपहर 2 बजे तक कुल 40.87 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इन चुनावों में 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) और समाजवादी पार्टी (SP) के बीच मुकाबले को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज है।
बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट पर सबसे ज्यादा मतदान
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर 2 बजे तक बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सबसे अधिक 59.17 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं, वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 57.97 प्रतिशत और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 56.32 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई।
इसके उलट इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सबसे कम 26.30 प्रतिशत मतदान हुआ। इन चुनावों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) की जगह बैलेट पेपर के जरिए वोट डाले जा रहे हैं।
UP MLC Election: किस सीट पर कितनी हुई वोटिंग?
दोपहर 2 बजे तक निर्वाचन क्षेत्रों में दर्ज मतदान का ब्योरा इस प्रकार है:
- लखनऊ खंड स्नातक: 27.53%
- वाराणसी खंड स्नातक: 59%
- मेरठ खंड स्नातक: 30.38%
- आगरा खंड स्नातक: 32%
- इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक: 26.30%
- लखनऊ खंड शिक्षक: 36.50%
- वाराणसी खंड शिक्षक: 57.97%
- आगरा खंड शिक्षक: 48.20%
- मेरठ खंड शिक्षक: 46.66%
- बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक: 59.17%
- गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक: 56.32%
इन आंकड़ों के मुताबिक, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में कई जगह मतदान का प्रतिशत 50 से ऊपर पहुंच गया, जबकि कुछ स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान की रफ्तार अपेक्षाकृत कम रही।
BJP और सपा के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बने MLC चुनाव
उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में उससे पहले विधान परिषद की 11 सीटों पर हो रहे चुनाव को बीजेपी और अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी के लिए अहम माना जा रहा है। इन चुनावों के नतीजों पर राजनीतिक दलों की नजर बनी हुई है।
लखनऊ में मतदान के लिए 259 केंद्र बनाए गए हैं। यहां कुल 1,16,491 पंजीकृत मतदाता वोट डालने के पात्र हैं। वहीं, गौतमबुद्ध नगर जिले में मेरठ स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव के लिए 13 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन निर्वाचन क्षेत्रों के लिए कुल 42 बूथों पर मतदान कराया जा रहा है।
27 अक्टूबर को होगी वोटों की गिनती
विधान परिषद की इन 11 सीटों के लिए मतदान पूरा होने के बाद अब मतगणना का इंतजार रहेगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी। इसके बाद चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों की जीत-हार की तस्वीर साफ हो जाएगी।







