उत्तर प्रदेश की राजनीति में 14 अक्टूबर को एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिल सकता है। अमेठी के गौरीगंज से विधायक राकेश प्रताप सिंह ने भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की घोषणा कर दी है। वह 14 अक्टूबर 2026 को गौरीगंज में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। उनके साथ सपा के बागी विधायक अभय सिंह और विनोद चतुर्वेदी के भी भाजपा में शामिल होने की बात सामने आई है।
Rakesh Pratap Singh BJP Join: 14 अक्टूबर को होगा बड़ा कार्यक्रम
राकेश प्रताप सिंह ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए भाजपा में शामिल होने की जानकारी दी। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “मेरे गौरीगंज के सम्मानित क्षेत्रवासियों, साथियों, शुभचिंतकों एवं कार्यकर्ता बंधुओं मैं आगामी 14 अक्टूबर 2026 को सुबह 11:00 बजे से गौरीगंज स्थित अपने निजी आवास ‘मंगलम’ के प्रांगण में आप सभी की गरिमामयी उपस्थिति में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण करूंगा.”
गौरीगंज में प्रस्तावित इस कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं के पहुंचने की तैयारी है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता कार्यक्रम में मौजूद रह सकते हैं।
सपा के ये बागी विधायक भी BJP में हो सकते हैं शामिल
14 अक्टूबर के कार्यक्रम को लेकर राकेश प्रताप सिंह के साथ अन्य नेताओं की भाजपा में एंट्री की भी चर्चा है। इनमें अयोध्या की गोसाईगंज सीट से विधायक अभय सिंह और जालौन की कालपी सीट से विधायक विनोद चतुर्वेदी के नाम शामिल हैं। राकेश प्रताप सिंह ने भी इन दोनों नेताओं के उनके साथ भाजपा में शामिल होने की बात कही है।
हालांकि अन्य नेताओं की सदस्यता को लेकर पार्टी की ओर से औपचारिक पुष्टि कार्यक्रम के समय ही स्पष्ट होगी। राकेश प्रताप सिंह की भाजपा में एंट्री की उन्होंने स्वयं पुष्टि की है।
Rakesh Pratap Singh ने कार्यकर्ताओं से की खास अपील
भाजपा में शामिल होने से पहले राकेश प्रताप सिंह ने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा, “आप सभी से मेरा विशेष आग्रह है कि 14 अक्टूबर को अन्य किसी बाहरी कार्यक्रम का निर्धारण न करें तथा इस महत्वपूर्ण अवसर पर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें. आप सभी का स्नेह, सहयोग एवं आशीर्वाद सदैव मेरे लिए अमूल्य रहा है.
राकेश प्रताप सिंह गौरीगंज विधानसभा सीट से लगातार तीन चुनाव जीत चुके हैं। उन्होंने 2012 में पहली बार सपा के टिकट पर जीत दर्ज की थी और इसके बाद 2017 तथा 2022 के विधानसभा चुनाव में भी इस सीट से विजयी रहे।
2021 में दिया था विधायक पद से इस्तीफा
राकेश प्रताप सिंह ने 2021 में विधायक पद से इस्तीफा दिया था, लेकिन 2022 में उन्होंने अपना इस्तीफा वापस ले लिया और सपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव जीतकर फिर विधायक बने। 2024 के उत्तर प्रदेश राज्यसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने के बाद उनका सपा नेतृत्व से मतभेद और बढ़ गया।
इसके बाद जून 2025 में समाजवादी पार्टी ने उन्हें निष्कासित कर दिया। निष्कासन के बाद विधानसभा में राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह और मनोज पांडेय को असंबद्ध घोषित किया गया था।
BJP में शामिल होने के बाद क्या होगी भूमिका?
राकेश प्रताप सिंह की गौरीगंज क्षेत्र में राजनीतिक पकड़ रही है और लगातार तीन विधानसभा चुनाव जीतने का उनका रिकॉर्ड है। ऐसे में भाजपा में शामिल होने के बाद पार्टी संगठन में उनकी संभावित भूमिका को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि उनकी नई जिम्मेदारी को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
14 अक्टूबर को गौरीगंज में होने वाला कार्यक्रम उनकी भाजपा सदस्यता को औपचारिक रूप देगा। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश की राजनीति में उनके अगले राजनीतिक सफर की शुरुआत भाजपा के साथ होगी।








