उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मेरठ में कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। मोदीपुरम क्षेत्र में दुल्हेड़ा पुलिस चौकी के पास बनाए गए मंच से सीएम योगी ने ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के बीच कांवड़ियों पर फूल बरसाए। इस दौरान उन्होंने देवाधिदेव महादेव से उत्तर प्रदेश और देश में सुख, शांति, समृद्धि और सौहार्द बनाए रखने की प्रार्थना की।
कार्यक्रम में रामानंद सागर के प्रसिद्ध धारावाहिक ‘रामायण’ में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले और मेरठ से बीजेपी सांसद अरुण गोविल भी मौजूद रहे। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री सोमेंद्र तोमर समेत कई अन्य प्रमुख लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
CM योगी ने कांवड़ियों का किया अभिनंदन
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए काम कर रहे जनप्रतिनिधियों, सामाजिक और धार्मिक संगठनों का आभार जताया। उन्होंने कहा, “सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक और धार्मिक संगठनों का हृदय से धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने पूरी श्रद्धा के साथ कांवड़ियों की सुविधाओं का ध्यान रखा है. सावन में कांवड़ यात्रा का हिस्सा बन रहे सभी शिवभक्तों का अभिनंदन करता हूं और उनकी इस यात्रा के लिए देवाधिदेव महादेव से प्रार्थना करता हूं कि वे उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण करें.”
सीएम योगी ने प्रदेश और देश में शांति, समृद्धि और सौहार्द के लिए महादेव की कृपा की कामना की। उन्होंने कहा, “प्रदेश और देश में सुख, शांति, समृद्धि और सौहार्द का माहौल बनाने के लिए देवाधिदेव महादेव की कृपा बनी रहे, इसी भावना के साथ आज मुझे भी इस कार्यक्रम का हिस्सा बनने का अवसर मिला है.”
करोड़ों श्रद्धालुओं के कांवड़ यात्रा में शामिल होने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा अब अपने अंतिम चरण में पहुंच रही है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर शिवभक्त अपने-अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं और विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक करने की तैयारी कर रहे हैं। इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु हिस्सा ले रहे हैं।
उन्होंने कहा, “मेरा मानना है कि सावन की शिवरात्रि तक गाजियाबाद से लेकर हरिद्वार के बीच चार से साढ़े चार करोड़ श्रद्धालु और शिवभक्त इस कांवड़ यात्रा में गंगाजल लेकर शिवालयों में जलाभिषेक करेंगे.”
मुजफ्फरनगर के शिव चौक पर उमड़ी भीड़
कांवड़ यात्रा के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में श्रद्धालुओं की भारी मौजूदगी का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा, “आज मुजफ्फरनगर के शिव चौक पर भारी भीड़ है. अभी मेरठ में मुझे शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा करने का अवसर मिला है. मेरठ के हमारे सभी जनप्रतिनिधि इस अवसर पर मेरे साथ यहां मौजूद हैं.”
उन्होंने बताया कि मेरठ के प्रसिद्ध बाबा औघड़नाथ मंदिर, गाजियाबाद के बाबा दूधेश्वरनाथ मंदिर और बागपत के पुरा महादेव मंदिर समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और हिमाचल प्रदेश से आने वाले शिवभक्त भी कांवड़ यात्रा में शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, “पूरी श्रद्धा, उत्साह और उमंग के साथ यात्रा में शामिल होने आए कांवड़ियों का प्रदेश सरकार की ओर से स्वागत और अभिनंदन करता हूं.”
कांवड़ यात्रा को बताया आस्था और एकता का प्रतीक
सीएम योगी ने कांवड़ियों के राष्ट्र के प्रति समर्पण की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि यह यात्रा जाति, प्रांत और क्षेत्रीयता की सीमाओं से ऊपर उठकर शिवत्व की भावना से जुड़ने का अवसर देती है। उनके मुताबिक, कांवड़ यात्रा पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, उत्साह और उमंग का माहौल तैयार कर रही है।
शिवरात्रि तक जारी रहेगी पुष्पवर्षा
कांवड़ यात्रा के लिए प्रशासन और सामाजिक संगठनों की ओर से की गई तैयारियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रशासन ने उच्च स्तर की व्यवस्था की है और समाजसेवी संगठनों ने शिविर लगाए हैं तथा कांवड़ियों को सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं. वास्तव में यह भक्ति की पराकाष्ठा है. मैं सभी कांवड़ यात्रियों का स्वागत करता हूं. आज, कल और परसों यानी शिवरात्रि के दिन यहां पुष्प वर्षा होगी और हमने हेलीकॉप्टर की भी व्यवस्था की है.”
इस दौरान मेरठ में कांवड़ियों के स्वागत के लिए विशेष व्यवस्थाएं देखने को मिलीं। मुख्यमंत्री की पुष्पवर्षा के बीच ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से कार्यक्रम स्थल का माहौल भक्तिमय नजर आया।








